
‘टेक व्याख्यान-2026’ में रामानंद इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, तकनीकी शिक्षा सचिव ने किया सम्मानित
हरिद्वार। तकनीकी ज्ञान, नवाचार और भविष्य की चुनौतियों को लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रामानंद इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एंड मैनेजमेंट के विद्यार्थियों ने रुड़की में आयोजित दो दिवसीय तकनीकी सम्मेलन ‘टेक व्याख्यान-2026’ में संस्थान का नाम रोशन किया। सम्मेलन में सिविल इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष के छात्र विराज चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर उत्तराखंड के तकनीकी शिक्षा सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने उन्हें पांच हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
के.एल. पॉलिटेक्निक, रुड़की में 15 और 16 अक्टूबर को आयोजित सम्मेलन में विद्यार्थियों को उनके अध्ययन वर्ष के अनुसार तकनीकी शिक्षा, व्यावहारिक ज्ञान, औद्योगिक कौशल और नेतृत्व क्षमता जैसे विषयों पर विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिला। प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने तकनीकी सोच विकसित करने, द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने कक्षा में अर्जित ज्ञान को कार्यशाला में व्यावहारिक समाधान के रूप में लागू करने तथा तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने उद्योग जगत की जरूरतों, कौशल विकास और नेतृत्व क्षमता पर अपने विचार रखे।
सम्मेलन में रामानंद इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों ने तीनों श्रेणियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। द्वितीय वर्ष के छात्र विराज चौहान ने अपने विचारों और प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया।
छात्र की सफलता पर संस्थान के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने बधाई देते हुए कहा कि विराज की उपलब्धि पूरे संस्थान के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में उनके मार्गदर्शक शिक्षकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, तकनीकी ज्ञान को बेहतर बनाने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होने का अवसर मिलता है।
इस उपलब्धि पर संस्थान के प्राध्यापकों ने भी विराज चौहान को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



