उत्तराखंडहरिद्वार

फेसबुक पोस्ट से मचा हड़कंप, श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी को लेकर हत्या-आत्महत्या का दावा वायरल

 

पोस्ट हटने के बाद स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर प्रसारित, गंभीर दावों से उठे कई सवाल

हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज को लेकर सोशल मीडिया पर की गई एक फेसबुक पोस्ट से शहर में सनसनी फैल गई है। पोस्ट में उनकी हत्या होने या आत्महत्या करने जैसी गंभीर आशंका जताई गई थी। हालांकि कुछ ही देर बाद पोस्ट फेसबुक से हटा दी गई, लेकिन उसका स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

जानकारी के अनुसार, नवीन शर्मा नामक फेसबुक प्रोफाइल से की गई पोस्ट में अखाड़े की संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद का उल्लेख करते हुए दावा किया गया कि निरंजनी अखाड़े के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी की हत्या हो सकती है या वह महंत नरेंद्र गिरी की तरह आत्महत्या कर सकते हैं। पोस्ट में कुछ आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं तथा आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरी का भी उल्लेख किया गया।

पोस्ट हटाए जाने के बावजूद उसका स्क्रीनशॉट इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। इसके बाद शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कई लोग इसे संभावित धमकी के रूप में भी देख रहे हैं, जबकि कुछ लोग पोस्ट की मंशा और उसके पीछे की वजह पर सवाल उठा रहे हैं।

इस घटनाक्रम के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि इतनी गंभीर बातें सार्वजनिक करने वाला व्यक्ति किन तथ्यों के आधार पर यह दावा कर रहा था और उसे ऐसी जानकारी कहां से मिली। फिलहाल मामले में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद, मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट अथवा श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामले में पुलिस को कोई शिकायत दी गई है या नहीं।

सोशल मीडिया पर वायरल इस पोस्ट ने शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि मामले में संबंधित पक्ष या पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button