
हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत डॉ रविंद्रपुरी महाराज ने वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले महाकुंभ को लेकर सरकार की तैयारियों और नेतृत्व पर पूरा भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महाकुंभ का आयोजन दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक होगा। संत समाज इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सरकार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।
श्रीमहंत डॉ रविंद्रपुरी महाराज ने कहा, जहां हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी हैं और उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी हैं, वहां असंभव भी संभव है। उन्होंने कहा कि सरकार और संत समाज के बेहतर समन्वय से वर्ष 2027 का महाकुंभ पूरी दुनिया के लिए सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और भारतीय परंपरा का अनुपम उदाहरण बनेगा।
उन्होंने कहा कि सभी 13 अखाड़े महाकुंभ की तैयारियों में सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगे। अखाड़ों की ओर से हर स्तर पर सहयोग दिया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और महाकुंभ अपने दिव्य एवं भव्य स्वरूप के लिए विश्वभर में याद किया जाए।
श्रीमहंत डॉ रविंद्रपुरी महाराज ने देश और विदेश के श्रद्धालुओं से वर्ष 2027 के महाकुंभ में हरिद्वार आने का आह्वान करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में देवभूमि हरिद्वार पहुंचें, मां गंगा में आस्था की पवित्र डुबकी लगाएं और आध्यात्मिक पुण्य के भागी बनें। उन्होंने कहा कि गंगा स्नान से मनुष्य के ज्ञात और अज्ञात पापों का नाश होता है तथा जीवन में आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी महाकुंभ सनातन संस्कृति की दिव्यता और भारत की आध्यात्मिक परंपरा का भव्य संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचाएगा।



