

हरिद्वार। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यावरण मानव एवं उत्थान समिति द्वारा दूधाधारी चौक के समीप पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा आमजन से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद मिश्रा ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और लगातार कम हो रहे हरित क्षेत्र मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधरोपण ही नहीं, बल्कि पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी हमारी जिम्मेदारी है।
समिति के अध्यक्ष पंकज शर्मा ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी को पर्यावरण संरक्षण के अभियान से जुड़ना होगा। समाज की सहभागिता से ही हरित और प्रदूषण मुक्त वातावरण का निर्माण संभव है।
समिति के महामंत्री अमित शर्मा एवं कोषाध्यक्ष ठाकुर वीरेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं बल्कि निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और प्रदूषण जैसी समस्याओं का समाधान अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से ही संभव है। उन्होंने लोगों से पौधरोपण के साथ-साथ जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति भी जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और भविष्य में भी नियमित रूप से वृक्षारोपण अभियान चलाने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर
तुषार कपिल,निशांत सचदेवा
विकास गुप्ता,राहुल शर्मा
अरुण सिंह,विराट सिंह
नमन शर्मा ,बाबू सिंह महंत रवि आदि मौजूद रहे।



