उत्तराखंड

उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग की सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारम्भिक परीक्षा-2026 के सफल एवं निष्पक्ष आयोजन को लेकर बैठक आयोजित

 

*जनपद के 52 परीक्षा केंद्रों पर 20,958 परीक्षार्थी होंगे शामिल, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न होगी परीक्षा*

*प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 02 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं एक केंद्र प्रभारी की तैनाती, सुरक्षा के लिए 05 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात*

*परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध, सभी केंद्रों पर जैमर लगाने के निर्देश*

*परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में लागू रहेगी धारा-163, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*

*परीक्षा दो पालियों में होगी आयोजित, प्रथम पाली सुबह 10 से 12 तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 से 4 बजे तक होगी परीक्षा*

*हरिद्वार, 27 नवंबर 2026*

उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारम्भिक परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में परीक्षा के सफल संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन तथा परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद में कुल 52 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 20,958 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें रुड़की क्षेत्र में 16 तथा हरिद्वार क्षेत्र में 36 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगी।परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं एक परीक्षा केंद्र प्रभारी की तैनाती की गई है। इसके साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पांच सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।

अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नकल एवं अनुचित गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए जाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता एवं शुचिता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी से निर्वहन करें।

उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा-163 लागू रहेगी। परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन, परीक्षा केंद्रों पर समय से आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने तथा परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करना सुनिश्चित करें।

बैठक में उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग के सेक्शन अधिकारी यूनुस ने बताया कि आयोग की ओर से परीक्षा के आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारम्भ होने से डेढ़ घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के दौरान सभी परीक्षार्थियों की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सघन जांच सुनिश्चित की जाए,ताकि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनी रहे।

बैठक में एआरओ मोहित, करुणा आर्य, नीलम, सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी गोपाल सिंह भंडारी सहित संबंधित परीक्षा केंद्र प्रभारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button