उत्तराखंडहरिद्वार

बच्चों के सर्वांगीण विकास पर देश के 37 शिक्षा बोर्डों का महामंथन, पतंजलि में कोब्से का राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू

 

-धन सिंह रावत बोले, भारतीय शिक्षा बोर्ड बन चुका है आदर्श बोर्ड, सभी शिक्षा बोर्ड पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करें

-केवल डिग्रीधारी नहीं, सामाजिक जिम्मेदारी निभाने वाला नागरिक तैयार करना जरूरी: स्वामी रामदेव

-एनपी सिंह बोले, शुरुआती 14-15 वर्ष बच्चे के व्यक्तित्व निर्माण के लिए निर्णायक

-आचार्य बालकृष्ण ने संयुक्त परिवार को बताया संस्कारों और व्यक्तित्व विकास की मजबूत पाठशाला

हरिद्वार, 25 नवंबर। तेजी से बदलते सामाजिक परिवेश, डिजिटल दुनिया के बढ़ते प्रभाव और परिवारों की बदलती संरचना के बीच विद्यार्थियों का सामाजिक एवं भावनात्मक विकास स्कूली शिक्षा के सामने एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। इसी चुनौती के समाधान और भविष्य की शिक्षा व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, मूल्यपरक एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से हरिद्वार में देशभर के शिक्षा बोर्डों का तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हुआ। ‘छात्रों में सामाजिक-भावनात्मक विकास एवं कल्याण की चुनौतियां’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में देश के 37 केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय शिक्षा बोर्डों के चेयरमैन, सचिव और शिक्षाविदों के साथ नेपाल, भूटान, नॉर्थवेस्ट एक्रेडिटेशन कमीशन (एनडब्ल्यूएसी) अमेरिका सहित अन्य देशों के प्रतिनिधि भी हिस्सा ले रहे हैं।

पतंजलि योगपीठ स्थित पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट में 25 से 27 नवंबर तक आयोजित इस वार्षिक विषयगत सम्मेलन की मेजबानी भारतीय शिक्षा बोर्ड कर रहा है। सम्मेलन का उद्घाटन प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, योगगुरु स्वामी रामदेव, पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण, भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन एनपी सिंह, कोब्से के अध्यक्ष डॉ. जी. इम्मानुएल और सचिव एमसी शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर काउंसिल ऑफ बोर्ड्स ऑफ स्कूल एजुकेशन इन इंडिया (कोब्से) की ओर से प्रकाशित दो पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।

शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी : धन सिंह रावत

मुख्य अतिथि प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि भारतीय शिक्षा बोर्ड एक आदर्श बोर्ड के रूप में उभरकर सामने आया है। सम्मेलन के दौरान तीन दिनों तक होने वाले विचार-विमर्श और प्राप्त होने वाले सुझावों को अमल में लाया जाएगा। उन्होंने देशभर से आए शिक्षा बोर्डों के चेयरमैन एवं अधिकारियों से अपील की कि वे बोर्डों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करें, ताकि इन बोर्डों से निकलने वाले विद्यार्थी राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

उन्होंने देश की शिक्षा व्यवस्था के विकास में सरकार के साथ समाज की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। बोर्ड परीक्षाओं में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन, प्रश्नपत्र तैयार करने और परीक्षाओं के संचालन की प्रक्रिया में सुधार की जरूरत पर जोर देते हुए उन्होंने कई सुझाव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षिक एवं मूल्यांकन तंत्र विकसित करने की आवश्यकता भी बताई।

डॉ. रावत ने कहा कि आने वाले पांच से दस वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिलेंगे। आज के विद्यार्थी पहले की तुलना में अधिक जागरूक और प्रतिभाशाली हैं तथा शिक्षक भी बेहतर शैक्षिक योग्यता के साथ सामने आ रहे हैं। ऐसे में भविष्य में परंपरागत क्लासरूम व्यवस्था की अवधारणा पर भी नए सिरे से बहस हो सकती है। हालांकि उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि विद्यार्थियों की निर्धारित 180 से 220 दिनों की पढ़ाई अनिवार्य रूप से सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री की राष्ट्रीय शिक्षा संबंधी पहल, ‘मन की बात’ और ‘परीक्षा पर चर्चा’ का भी उल्लेख किया।

केवल डिग्रीधारी नहीं, सामाजिक जिम्मेदारी निभाने वाला नागरिक तैयार करना जरूरी: स्वामी रामदेव

योगगुरु स्वामी रामदेव ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी इच्छा है कि देश के सभी शिक्षा बोर्ड बेहतर प्रदर्शन करें और भारतीय शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं। योग गुरू ने कहा कि उनका जोर ऐसी संस्कारयुक्त एवं मूल्य आधारित शिक्षा पर है, जिसका उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को डिग्री और रोजगार दिलाना नहीं, बल्कि उनमें चरित्र निर्माण, नैतिकता, अनुशासन, राष्ट्रभावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करना हो। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के शासनकाल में मैकाले की शिक्षा पद्धति ने भारत की समृद्ध गुरुकुल परंपरा और स्वदेशी ज्ञान-विज्ञान को कमजोर किया। भारतीय शिक्षा बोर्ड की परिकल्पना इसी सोच को साकार करने की दिशा में एक पहल है, जिसके माध्यम से गुरुकुल परंपरा और आधुनिक शिक्षा का समन्वय करते हुए आत्मनिर्भर, चरित्रवान, वैज्ञानिक दृष्टिकोण से संपन्न और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य पीढ़ी तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। स्वामी रामदेव ने कहा एकीकृत शिक्षा व्यवस्था का सपना उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन से ही देखा था। भारतीय शिक्षा बोर्ड के माध्यम से उन्हें यह सपना साकार होता दिखाई दे रहा है।

शुरुआती 14-15 वर्ष बच्चे के व्यक्तित्व की दिशा तय करते हैं : एनपी सिंह

भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी चेयरमैन एनपी सिंह ने सम्मेलन में देशभर से आए अतिथियों और शिक्षाविदों का तीर्थनगरी हरिद्वार की धरती पर स्वागत किया। उन्होंने सम्मेलन के मुख्य विषय को वर्तमान समय की अत्यंत प्रासंगिक आवश्यकता बताते हुए कहा कि बच्चे के गर्भ में आने से लेकर उसके सामाजिक जीवन में प्रवेश करने तक का प्रत्येक चरण उसके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि बच्चे के जीवन के शुरुआती 14 से 15 वर्षों में जो संस्कार, मूल्य और व्यवहार विकसित होते हैं, वही आगे चलकर उसके व्यक्तित्व की दिशा और जीवन की प्रेरक शक्ति बनते हैं। इसलिए शिक्षाविदों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि वे आने वाली पीढ़ी को कैसा बनाना चाहते हैं और उसके व्यक्तित्व का निर्माण किस प्रकार करना चाहते हैं।

उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, संस्कार, दृढ़ता और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से बच्चों को केवल अकादमिक रूप से सक्षम बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सामाजिक और भावनात्मक रूप से भी मजबूत बनाना होगा।

संयुक्त परिवार बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की मजबूत पाठशाला : आचार्य बालकृष्ण

पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि शिक्षाविदों और शिक्षा बोर्डों के अधिकारियों के हाथों में ही राष्ट्र निर्माण की दिशा और दशा तय करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में ज्ञान का आदान-प्रदान होगा। ज्ञान अनंत है और यहां सभी को एक-दूसरे से सीखने तथा अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बचपन से युवावस्था तक व्यक्ति के संघर्ष और व्यक्तित्व निर्माण की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए मां को बच्चे का पहला गुरु बताया। उन्होंने संयुक्त परिवार की अवधारणा को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि संयुक्त परिवार में बच्चों को अपने आप एक ऐसा वातावरण मिल जाता था, जहां वे बड़ों के व्यवहार, आपसी संबंधों और पारिवारिक संस्कारों से बहुत कुछ सीखते थे।

उन्होंने चिंता जताई कि बदलती जीवनशैली के कारण समाज तेजी से न्यूक्लियर फैमिली की ओर बढ़ा है। आज माता-पिता के पास भी बच्चों के साथ पर्याप्त समय बिताने का अवसर नहीं रह गया है। ऐसे में बच्चे मित्र मंडली और सोशल मीडिया के प्रभाव में आकर कई बार भ्रमित हो रहे हैं।

आचार्य बालकृष्ण ने शिक्षा बोर्डों के अधिकारियों से आह्वान किया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना और परीक्षाएं आयोजित करना नहीं होना चाहिए। इसके साथ बच्चों की समस्याओं का समाधान और उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास भी शिक्षा व्यवस्था का लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को इस तरह तैयार करने की जरूरत है कि वे महामानव बनकर समाज और राष्ट्र को नई दिशा दे सकें।

पांच दशक से देश के शिक्षा बोर्डों के बीच समन्वय का मंच है कोब्से

कॉब्से के अध्यक्ष डॉ. जी. इम्मानुएल ने अपने संबोधन में शिक्षा की गुणवत्ता को सर्वोपरि बताते हुए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। वहीं, कोब्से के सचिव एमसी शर्मा ने संगठन की स्थापना, कार्यप्रणाली और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।

इस मौके पर भारतीय शिक्षा बोर्ड की डायरेक्टर (एकेडमिक) डॉ. वंदना पाण्डेय, राष्ट्रीय को-आर्डिनेटर स्वामी पुण्य देव, एडवाइजर सतेन्द्र पंवार आदि मौजूद रहें।

–

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button