उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेक प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की

*श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, सेवा और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देती हैं : मुख्यमंत्री*

*धार्मिक स्थलों के विकास एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध*

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा एवं सिख पंथ के संस्थापक और प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर खटीमा के पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा एवं प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से संपूर्ण मानव समाज को सत्य, सेवा, समानता और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनकी शिक्षाएं समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के साथ ही जरूरतमंदों की निःस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित करती हैं। उनका संदेश आज भी संपूर्ण मानवता के लिए प्रासंगिक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य सरकार सिख समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा ऐतिहासिक तीर्थस्थलों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उत्तराखण्ड में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं। हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना एवं रीठा साहिब के समीप धर्मशाला निर्माण जैसे कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं के समन्वय की भूमि है। राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के विकास, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सरिता राणा, दर्जाधारी राज्य मंत्री श्री गंभीर सिंह धामी एवं श्री किशन सिंह किन्ना, श्रीमती फरजाना बेगम, मेला समिति के अध्यक्ष श्री शेर सिंह दानू, श्री हिमांशु बिष्ट, श्री रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी श्री नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी श्री विनोद कुमार एवं श्रीमती निर्मला बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button