उत्तराखंडहरिद्वार

गुरु नानक प्रकाश पर्व पर गुरु-शिष्यों की अनोखी मिसाल,

 

51 साल सेवा के बाद हेड ग्रंथी की भावुक विदाई, संगत की आंखें हुई नम

हरिद्वार, धर्मनगरी हरिद्वार में गुरुनानक जयंती का पर्व प्रकाश पर्व के रूप में धूमधाम से मनाया गया। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार को हरिद्वार के ललतारौ पुल स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में धार्मिक आयोजन हुआ। सुबह से ही गुरुद्वारे में संगत के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेककर गुरु नानक देव जी का आशीर्वाद लिया। गुरुद्वारे में विशेष दीवान सजाया गया और शबद कीर्तन के साथ गुरुवाणी का पाठ हुआ। अरदास के बाद संगत के लिए लंगर भी आयोजित किया गया। लेकिन यहां गुरुद्वारे में गुरु शिष्यों की अनोखी मिसाल देखने को मिली। यहां गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारे में उस समय माहौल भावुक हो गया, जब करीब 51 वर्षों से सेवा कर रहे गुरुद्वारा सिंह सभा समिति के हेड ग्रंथी ज्ञानी प्रहलाद सिंह सैनी ने अपनी सेवानिवृत्ति की घोषणा की। गुरुद्वारे में पाठ के बाद जैसे ही उनके सेवानिवृत्त होने की जानकारी संगत और सेवादारों को दी गई, वहां मौजूद कई महिला और पुरुष भावुक हो गए। सेवादारों ने उनसे अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की। इतना ही नहीं गुरुद्वारा कमेटी की ओर से भी ज्ञानी प्रहलाद सिंह सैनी से कई बार सेवा जारी रखने का आग्रह किया गया। हालांकि उन्होंने कहा कि अब वो 75 वर्ष के हो गए हैं और पंजाब में रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि स्थान बदलने के बावजूद गुरु नानक देव जी के बताए रास्ते पर चलते हुए सेवा और मानवता के कार्यों से जुड़े रहेंगे। सेवानिवृत्ति की घोषणा के बाद गुरुद्वारा कमेटी की ओर से ज्ञानी प्रहलाद सिंह सैनी को सम्मानित किया गया। इस दौरान गुरुद्वारे में मौजूद संगत और सेवादारों की आंखें नम हो गईं। लंबे समय तक गुरुद्वारे में सेवा देने के बाद विदाई के दौरान कई लोग भावुक होकर उन्हें विदा करते नजर आए।

वहीं ज्ञानी प्रहलाद सिंह सैनी ने गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों और संगत से आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ गुरुद्वारे की सेवा जारी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि हरिद्वार से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा और गुरुद्वारे में बड़े धार्मिक आयोजन होने पर वह हरिद्वार पहुंचकर कार्यक्रमों में शामिल होने का प्रयास करेंगे। वहीं उनकी विदाई के बाद समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें सम्मानित किया और संगत में मौजूद महिलाएं पुरुष उन्हें गले लगाकर रोते हुए नजर आए।

क्या बोले लोग, जानिए

गुरुद्वारा सिंह सभा के पूर्व सचिव ने बताया कि हेड ग्रंथि ज्ञानी प्रहलाद सिंह सैनी ने सच्चे मन से गुरुद्वारे की सेवा की है और उनकी विदाई सभी के लिए दुखदाई है। लेकिन उम्र और पारिवारिक जीवन के चलते वो अपना आखिरी समय परिवार के साथ बिताना चाहते हैं। हमने उनसे हरिद्वार आते रहने की अपील की है, जिस पर उन्होंने सहमति जताई है। 1984 के काला काल में भी उन्होंने गुरुद्वारे में सच्चे मन और पूरी बहादुरी के साथ दुष्टों का मुकाबला किया था। इसलिए आज उनकी सेवाओं को देखते हुए सभी लोग भावुक हैं।

हरमोहन सिंह, पूर्व सचिव, गुरुद्वारा सिंह सभा समिति, हरिद्वार

गुरुद्वारा सिंह सभा समिति के वर्तमान अध्यक्ष सरबजीत सिंह ने बताया कि 51 साल की सेवा कम नहीं होती है, आज उनसे बिछड़ना किसी को भी अच्छा नहीं लग रहा है। हमने हेड ग्रंथि ज्ञानी प्रहलाद सिंह सैनी से कई बार अपील की है कि यहां से वो न जाएं, लेकिन उन्होंने अपनी पारिवारिक समस्याएं बताई हैं, जिसके कारण वो स्वेच्छा से जाने का मन बना चुके हैं।

सरबजीत सिंह, अध्यक्ष, गुरुद्वारा सिंह सभा समिति, हरिद्वार

गुरुद्वारा सिंह सभा के सचिव आकाश सचदेवा ने बताया कि हेड ग्रंथि ज्ञानी प्रहलाद सिंह सैनी के कार्यकाल को बुलाया नहीं जा सकता। इसलिए पूरी कमेटी और संगत ने उनसे अपील की है कि वो हरिद्वार आना नहीं छोड़ेंगे। उनके कार्यकाल को हमेशा याद रखा जाएगा।

आकाश सचदेवा, सचिव, गुरुद्वारा सिंह सभा समिति, हरिद्वार

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button