उत्तराखंडहरिद्वार

केयर नर्सिंग कॉलेज में मारपीट, तोड़फोड़ और आतंक का आरोप, ग्राम प्रधान विकास चौहान सहित 10 नामजद व एक दर्जन से अधिक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज, 200 से अधिक छात्राएं दहशत में

 

*बहादराबाद / हरिद्वार।* हरिद्वार जिले के बहादराबाद थाना क्षेत्र में स्थित केयर नर्सिंग कॉलेज, किशनपुर-रोहलकी में रविवार की रात हुई कर्मचारियों से मारपीट, गाली-गलौज, तोड़फोड़ और भय का माहौल बनाने की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। इस मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान सहित 10 लोगों को नामजद करते हुए एक दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कॉलेज में रह रही 200 से अधिक छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस से छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

केयर नर्सिंग कालेज के केयरटेकर शिकायतकर्ता राजकुमार चौहान ने बताया कि 15 नवंबर 2026, रविवार को कॉलेज में पार्किंग का काम चल रहा। रात करीब 9 बजकर 20 मिनट पर जब रैम्प का बाहरी भाग बन रहा था, तभी रोहलकी ग्राम प्रधान विकास चौहान, अभि चौहान, आर्यन, शुभम चौहान, शुभम, योगेश, संजीव डीलर, सचिन, मोहित, शानू, विशाल (सभी आरोपी निवासीगण-किशनपुर-रोहलकी)आदि अज्ञात एक दर्जन भर से ज्यादा लोग शराब के नशे में वहां आ गए। आरोप है कि इन लोगों ने आते ही शिकायतकर्ता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मजदूरों के साथ मारपीट शुरू कर दी। सभी लोग प्रधान विकास चौहान की अगुवाई में आए थे।

बताया गया कि प्रधान विकास चौहान ने फावड़ा उठाकर शिकायकर्ता पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें काफी चोटें आईं। प्रधान विकास चौहान ने जोर-जोर से गाली-गलौज, मारपीट करते हुए तुरंत जेसीबी मशीन बुलाई और निर्माणाधीन रैम्प के साथ लगी शेटरिंग, बाहर की बाउंड्री, वाहनों की आवाजाही के लिए बने स्लैप आदि तोड़ दी। आरोपियों द्वारा कॉलेज गेट के बाहर किया जा रहे हंगामे की सूचना 112 पर भी दी गई थी।

शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद आरोपी प्रधान विकास चौहान व उसके साथियों ने जबरन कॉलेज की संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हुए क्षेत्र में भय का माहौल उत्पन्न कर दिया है। कॉलेज में छात्राएं भी रहती हैं, जिनमें करीब 200 से अधिक बेटियां रहती हैं। आरोपियों द्वारा उत्पात मचाए जाने के बाद से कॉलेज का समस्त स्टाफ, फैकल्टी तथा कॉलेज में रह रही छात्राएं भयभीत व सहमी हुई हैं।

शिकायतकर्ता ने इस मामले में प्रधान सहित ज्ञात व अज्ञात सभी असामाजिक तत्वों पर गाली-गलौज, मारपीट, कॉलेज में तोड़-फोड़, कॉलेज संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, क्षेत्र में भय व डर का माहौल उत्पन्न करने के मामले में उचित व ठोस कार्यवाही करते हुए कॉलेज में रह रही छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।

पुलिस ने इस तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 115(2), 191(2), 324(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। धारा 115(2) स्वेच्छा से चोट पहुंचाने, धारा 191(2) दंगा करने, धारा 324(2) शरारत करके नुकसान पहुंचाने तथा धारा 352 शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करने से संबंधित है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि कॉलेज में 200 से अधिक छात्राएं रहकर पढ़ाई करती हैं। ऐसे में रात के समय इस तरह की घटना से छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्राएं इस घटना के बाद से डरी हुई हैं। उनके अभिभावकों में भी चिंता है। कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस से छात्राओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटना से कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। एक तरफ जहां कॉलेज जैसे शिक्षण संस्थान में इस तरह की घटना होती है, वहीं दूसरी तरफ ग्राम प्रधान जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा ऐसा करना गंभीर माना जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि प्रधान ही इस तरह नशे में घुत होकर घटना में शामिल होगा, तो आम जनता का भरोसा किस पर रहेगा।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में नामजद सभी आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सभी आरोपी किशनपुर-रोहलकी बहादराबाद, हरिद्वार के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

वहीं, कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस से मांग की है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो और कॉलेज में पढ़ रही छात्राएं सुरक्षित महसूस कर सकें। प्रबंधन ने यह भी मांग की है कि कॉलेज परिसर के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और रात के समय विशेष निगरानी रखी जाए।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button