उत्तराखंडहरिद्वार

व्यापारी आयोग बने, ऑनलाइन शॉपिंग पर लगे रोक : रविंद्र पुरी

 

कुंभ मंथन में व्यापारियों ने उठाई मांग, संतों ने कहा- व्यापारियों की भागीदारी से ही भव्य और दिव्य होगा कुंभ

*लक्ष्य*

हरिद्वार। कुंभ 2027 की तैयारियों के बीच व्यापारियों ने अब अपने हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद करनी शुरू कर दी है। गुरुवार को रानीपुर मोड़ स्थित होटल में राष्ट्रीय व्यापार मंडल की ओर से शपथ समारोह एवं कुंभ मंथन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें व्यापारी आयोग के गठन, ऑनलाइन शॉपिंग पर रोक और कुंभ की सभी व्यवस्थाओं को स्थायी करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। कार्यक्रम में संतों और व्यापारियों ने आगामी कुंभ को भव्य और दिव्य बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि जब समाज के सभी वर्गों के लिए अलग-अलग आयोग हैं तो व्यापारियों के हितों के लिए भी व्यापारी आयोग का गठन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुंभ में करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में कुंभ से जुड़ी व्यवस्थाएं स्थायी और मजबूत होनी चाहिए। उन्होंने संत समाज से भी हरिद्वार की धरती से सनातन का बड़ा संदेश देने का आह्वान किया। श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने भव्य और दिव्य कुंभ के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाई और आशीर्वाद दिया।

मुख्य अतिथि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक स्वामी करौली शंकर महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार सनातन और संस्कृति के हित में कार्य कर रहे हैं। दोनों के नेतृत्व में आगामी कुंभ को भव्य और दिव्य बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय व्यापार मंडल की ओर से आयोजित कुंभ मंथन में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई और सरकार की ओर से किए जा रहे कुंभ कार्यों को भी जनता के सामने लाया गया। व्यापारी आयोग की मांग को उन्होंने पूरी तरह जायज बताया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष भारत साधु समाज महंत ऋषिश्वरानंद ने कहा कि आगामी कुंभ ऐतिहासिक होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड अपनी देवभूमि की पहचान को और मजबूत कर रहा है। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं को लगातार उठाने के लिए राष्ट्रीय व्यापार मंडल की सराहना की।

प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि व्यापारियों के लिए आयोग का गठन होना चाहिए। ऑनलाइन शॉपिंग पर रोक लगाए बिना छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों को राहत नहीं मिल सकती। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कुंभ की तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। उनकी मेहनत से कुंभ भव्यता और दिव्यता के नए मापदंड स्थापित करेगा।

नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष मनोज गौतम ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी और कोर कमेटी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। सभी वर्गों के व्यापारियों को साथ लेकर संगठन को मजबूत किया जाएगा।

इस अवसर पर योगी आशुतोष, प्रदेश महामंत्री सुधीश श्रोत्रिय, जिला महामंत्री भारत तलूजा, उपाध्यक्ष अशोक गिरी, ज्वालापुर शहर अध्यक्ष हरविंदर सिंह, कनखल शहर अध्यक्ष पंकज सन्नी, जिला युवा अध्यक्ष गौरव पाल, पुल जटवाड़ा अध्यक्ष अनिल तेश्वर, स्नेहलता चौहान, पिंकी त्यागी, भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष जसबीर बसेड़ा, पुष्पेंद्र गुप्ता, व्यापारी नेता नरेंद्र चौहान, शहर महामंत्री आशीष अग्रवाल, विनोद मिश्रा, मिलन सैनी, प्रमोद यादव, प्रवीण सक्सेना समेत सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button