

सड़क से ऊंचे सीवर चैंबर के ढक्कनों को लेकर फूटा गुस्सा, कार्यदायी संस्था के कार्यालय का घेराव कर की नारेबाजी
लक्ष्य/हरिद्वार। सड़क से ऊंचे उठे सीवर चैंबर के ढक्कन अब राहगीरों की जान पर भारी पड़ने लगे हैं। शिकायतों और चेतावनियों के बावजूद समस्या दूर नहीं होने और युवा कांग्रेस नेता तुषार कपिल के गंभीर रूप से घायल होने के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश मंगलवार को फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने भूपतवाला स्थित सीवर लाइन बिछाने वाली कार्यदायी संस्था के कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। लोगों ने चैंबर के ढक्कनों को तत्काल सड़क के बराबर करने और लापरवाही के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई।
स्थानीय निवासी गोकुल रावत ने बताया कि 22 अक्टूबर की रात सड़क से ऊंचे उठे सीवर चैंबर के ढक्कन से बाइक टकराने के कारण युवा कांग्रेस नेता तुषार कपिल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर में भर्ती कराया गया है। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और वह वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
विनोद मिश्रा ने आरोप लगाया कि हादसे से पहले भी संबंधित अधिकारियों को कई बार सड़क से ऊंचे उठे चैंबर के ढक्कनों से होने वाले खतरे के बारे में आगाह किया गया था, लेकिन शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों की संवेदनहीनता सामने आ रही है। घायल युवक की गंभीर हालत के बावजूद किसी अधिकारी ने उसकी सुध नहीं ली। शहर में अब भी कई जगह चैंबर के ढक्कन हादसों को न्योता दे रहे हैं।
राहुल शर्मा ने निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा, पेयजल निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सीवर लाइन के कार्य में बरती जा रही अनियमितताओं का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सभी चैंबर दुरुस्त नहीं किए गए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय लोग उग्र आंदोलन करेंगे।
काम शुरू कराने का दावा
वहीं, कार्यदायी संस्था खिलाड़ी इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के साइट इंचार्ज तनिष्क सेठी ने बताया कि सड़क से ऊपर उठे चैंबरों को ठीक करने का काम शुरू कर दिया गया है। जल्द ही सभी संबंधित सड़कों को दुरुस्त कर दिया जाएगा। संस्था के अधिकारी हादसे में घायल युवक के परिजनों से भी मुलाकात करेंगे।
ये रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान वीरेंद्र गुलेरिया, सन्नी राणा, केशव नागपाल, अर्चित चौहान, रवि चौहान, शिबू राजपूत, नितिन शर्मा, दीप अधिकारी, मोहित शर्मा, सुमित शर्मा, प्रशांत शर्मा, सूरज पांडे, राजा भाई, राहुल शर्मा, विराट, कुलदीप चौधरी, सुमित कुमार, जतिन वाधवा, भीमेश श्रीकुंज, अरुण, तुषार, गुरुंग, सुलखान सिंह और चेतन आदि मौजूद रहे।



