

श्रमिक और मशीनें बढ़ाकर दिन-रात दो शिफ्ट में करना होगा काम, निर्माण स्थलों पर सीसीटीवी से होगी 24 घंटे निगरानी
हरिद्वार। कुंभ-2027 में श्रद्धालुओं को जाम से राहत दिलाने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने की तैयारी के बीच निर्माणाधीन बहादराबाद-जगजीतपुर-कांगड़ी रिंग रोड की सुस्त रफ्तार ने मेला प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार को मेलाधिकारी सोनिका और आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने एनएचएआई के अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर पुलों और पहुंच मार्गों का काम अधूरा मिलने तथा श्रमिकों की संख्या कम होने पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई। एनएचएआई को कुंभ मेला शुरू होने से पहले निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान इब्राहिमपुर-रो, आरओबी एक्कड़ और जगजीतपुर साइट पर पुलों व पहुंच मार्गों का निर्माण अधूरा पाया गया। अधिकारियों ने कहा कि कुंभ के यातायात प्लान को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए रिंग रोड का समय से तैयार होना बेहद जरूरी है।
मेलाधिकारी और आईजी कुंभ ने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में श्रमिकों और मशीनों की संख्या बढ़ाई जाए। काम में तेजी लाने के लिए दिन और रात दो शिफ्टों में निर्माण कराया जाए, जिससे निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा हो सके।
निर्माण कार्यों की निगरानी के लिए आरओबी एक्कड़, इब्राहिमपुर-रो और जगजीतपुर साइट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए। कैमरों का एक्सेस मेला प्रशासन को उपलब्ध कराया जाएगा। इससे निर्माण स्थलों पर चल रहे कार्यों की 24 घंटे निगरानी की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भट्ट, पुलिस उपाधीक्षक यातायात उमेश मलिक सहित मेला प्रशासन और यातायात पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।



