उत्तराखंडहरिद्वार

हरिद्वार में अब ‘गंगा सारथी’ से होंगे गंगा दर्शन

 

दीपावली से पहले शुरू होगी इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को मिलेगी राहत

20 इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट से आसान होगा सफर, मुख्य डाकघर से भीमगोड़ा कुंड तक प्रस्तावित है सेवा

हरिद्वार | 23 अक्टूबर 2026

गंगा के घाटों पर आस्था की डुबकी लगाने और हरकी पैड़ी पर मां गंगा के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हरिद्वार में जल्द ही सफर आसान होने वाला है। भीड़भाड़ वाले धार्मिक क्षेत्र में अब लंबी दूरी पैदल तय करने की परेशानी कम करने के लिए ‘गंगा सारथी’ इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा शुरू करने की तैयारी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और नगर आयुक्त नंदन कुमार की पहल पर नगर निगम की ओर से प्रस्तावित यह सेवा खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगजनों के लिए राहत लेकर आएगी। दीपावली से पहले इसका संचालन शुरू करने की योजना है।

ढाई किलोमीटर के दायरे में मिलेगी सुविधा

हरिद्वार के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान बनाने के लिए सेवा को दो चरणों में संचालित करने का प्रस्ताव है। पहले चरण में मुख्य डाकघर से हरकी पैड़ी और दूसरे चरण में हरकी पैड़ी से भीमगोड़ा कुंड तक इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट चलाई जाएंगी। करीब ढाई किलोमीटर के दायरे में प्रस्तावित इस व्यवस्था के शुरुआती चरण में कुल 20 गोल्फ कार्ट संचालित करने की योजना है।

धार्मिक पर्वों, स्नान और त्योहारों के दौरान हरकी पैड़ी क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। ऐसे में पैदल चलने में असमर्थ बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को काफी परेशानी होती है। इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को प्रमुख स्थलों तक पहुंचने के लिए सुविधाजनक विकल्प मिल सकेगा।

20 रुपये प्रस्तावित किराया

नगर निगम ने आम श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रति यात्री 20 रुपये किराया प्रस्तावित किया है। यह किराया मुख्य डाकघर से हरकी पैड़ी और हरकी पैड़ी से भीमगोड़ा कुंड तक के लिए निर्धारित करने की योजना है। स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों के लिए मासिक पास तथा विशिष्ट अतिथियों के लिए वीआईपी पास की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।

यात्रियों की सुविधा के लिए मुख्य डाकघर के पास, हरकी पैड़ी और एक अन्य प्रमुख स्थान पर टिकट काउंटर बनाए जाने की योजना है। इससे श्रद्धालुओं को सेवा का लाभ लेने में आसानी होगी।

सुरक्षा और चार्जिंग पर भी रहेगा ध्यान

गोल्फ कार्ट में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, अग्निशमन उपकरण और प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध कराने की योजना है। मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और यात्रियों की मदद के लिए प्रत्येक 100 मीटर पर मार्शल तैनात करने का प्रस्ताव है।

वाहनों की चार्जिंग और रखरखाव के लिए सर्वानंद घाट के निकट मुख्य चार्जिंग स्टेशन एवं मेंटेनेंस सेंटर बनाया जाएगा। वहीं, हरकी पैड़ी पर गुरु का लंगर के पास सब-स्टेशन स्थापित करने की योजना है। इन व्यवस्थाओं से वाहनों के नियमित संचालन और रखरखाव में मदद मिलेगी।

गंगा तट पर प्रदूषण घटाने की पहल

बैटरी से चलने वाली गोल्फ कार्ट से स्थानीय स्तर पर धुएं का उत्सर्जन नहीं होगा और ध्वनि प्रदूषण भी कम रहेगा। इससे गंगा तट और आसपास के धार्मिक क्षेत्रों में स्वच्छता तथा शांत वातावरण बनाए रखने में मदद मिल सकती है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में पर्यावरण अनुकूल परिवहन की यह पहल श्रद्धालु सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

“गंगा सारथी सेवा का उद्देश्य हरकी पैड़ी और आसपास के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना है। विशेष पर्वों पर बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगजनों को पैदल चलने में होने वाली परेशानी कम करने के लिए इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा प्रस्तावित की गई है। सुरक्षा उपकरणों, टिकट काउंटरों और चार्जिंग सुविधाओं के साथ इसका संचालन व्यवस्थित बनाने की योजना है। दीपावली से पहले सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

नंदन कुमार, नगर आयुक्त, हरिद्वार

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button