

नवरात्र के उल्लास में झूमीं छात्राएं और महिलाएं, भारतीय संस्कृति और परंपराओं का दिखा संगम
हरिद्वार। नवरात्र के पावन पर्व पर महिला महाविद्यालय पीजी कॉलेज, सतीकुंड में रविवार को गरबा और डांडिया की धूम रही। पारंपरिक परिधानों में सजी छात्राओं और महिलाओं ने गरबा-डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया। देवी के विभिन्न स्वरूपों के स्मरण के साथ शुरू हुए इस रंगारंग आयोजन में भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली। छात्राओं के साथ हरिद्वार क्षेत्र की महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को यादगार बनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की सचिव डॉ. वीना शास्त्री, पेरेंट्स गवर्निंग बॉडी के सचिव डॉ. अशोक शास्त्री, एमसीएस स्कूल की ट्रस्टी एवं निदेशक डॉ. विशाखा कुमार तथा महाविद्यालय की निदेशक डॉ. अल्पना शर्मा के आशीर्वाद से हुआ।
डॉ. वीना शास्त्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं। नवरात्र जैसे पर्व हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने और मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना करने का अवसर प्रदान करते हैं। महाविद्यालय में पढ़ाई के साथ ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों का उद्देश्य छात्राओं में भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान, आपसी सहयोग और रचनात्मकता की भावना को प्रोत्साहित करना है।
डॉ. अशोक शास्त्री ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। गरबा और डांडिया जैसे आयोजन छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को समझने का अवसर देते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सामूहिकता और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
कार्यक्रम में महिला महाविद्यालय पीजी कॉलेज, महिला इंटर कॉलेज और बाल विद्यापीठ की छात्राओं सहित हरिद्वार क्षेत्र की अनेक महिलाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। गरबा और डांडिया की प्रस्तुतियों के दौरान प्रतिभागियों ने हर्षोल्लास के साथ अपनी खुशी व्यक्त की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय की शिक्षिकाओं डॉ. मीनाक्षी गुप्ता, डॉ. शैलजा, डॉ. रिंकू बतरानी, डॉ. अनुराधा पांडे, डॉ. रूपाली गुप्ता, मोनिका शर्मा, डॉ. श्वेता शरण, डॉ. सपना रानी, डॉ. मानसी हंस, गरिमा जैन, एकता अरोड़ा, रिद्धि, दीक्षा और रानी सहित पुस्तकालय, कार्यालय एवं फूड लैब के कर्मचारियों ने सहयोग दिया। सभी के सामूहिक प्रयासों से कार्यक्रम उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।



