*हरिद्वार नगर निगम, रुड़की नगर निगम, मंगलौर नगर पालिका, लक्सर नगर पालिका और पिरान कलियर नगर पंचायत में कुल 13 पदों के सापेक्ष 25 वैध नाम-निर्देशन पत्र पाए गए*
*हरिद्वार 13 अक्टूबर 2026*
जनपद हरिद्वार की नगर निकाय जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया के तहत पांच नगर निकायों में दाखिल नाम-निर्देशन पत्रों की जांच के बाद कुल 25 नाम-निर्देशन पत्र वैध पाए गए हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, पंचास्थानि चुनावालय हरिद्वार की ओर से जारी विवरण के अनुसार, यह कार्रवाई राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड, देहरादून की अधिसूचना दिनांक 9 अक्टूबर 2026 के अनुपालन में की गई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को जांच के उपरांत वैध नाम-निर्देशन पत्रों की सूचना निर्धारित प्रपत्र-5 पर संलग्न कर जारी की गई। जारी विवरण के अनुसार, नगर निगम हरिद्वार में जिला योजना समिति के सदस्यों के पांच पदों के सापेक्ष छह वैध नाम-निर्देशन पत्र पाए गए हैं। वहीं, नगर निगम रुड़की में पांच पदों के लिए 13 वैध नाम-निर्देशन पत्र प्राप्त हुए हैं।
इसी प्रकार, नगर पालिका परिषद मंगलौर में एक पद के सापेक्ष दो वैध नाम-निर्देशन पत्र, नगर पालिका परिषद लक्सर में एक पद के सापेक्ष दो वैध नाम-निर्देशन पत्र तथा नगर पंचायत पिरान कलियर में एक पद के सापेक्ष दो वैध नाम-निर्देशन पत्र वैध पाए गए हैं।
इस प्रकार जनपद की इन पांच नगर निकायों में जिला योजना समिति के सदस्यों के कुल 13 पदों के सापेक्ष 25 वैध नाम-निर्देशन पत्र पाए गए हैं। निर्वाचन संबंधी यह सूचना सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, पंचास्थानि चुनावालय, हरिद्वार आर.आर. थपलियाल द्वारा जारी की गई है।



