उत्तराखंडहरिद्वार

कुंभ मेला-2027 के कार्यों में तेजी लाने के लिए रात की पाली में भी कराया जाए काम

 

*मेलाधिकारी सोनिका ने कार्यदायी संस्थाओं को दिए कड़े निर्देश, 24 घंटे नियंत्रण कक्ष से होगी कार्यों की निगरानी*

*परियोजना संबंधी जानकारी वाले बोर्ड प्रत्येक कार्यस्थल पर प्रमुखता से लगाने के निर्देश*

*हरिद्वार, 5 अक्टूबर 2026*

कुंभ मेला-2027 के लिए संचालित अवस्थापना विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरी गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ पूरा करने के लिए मेला प्रशासन ने निगरानी और समीक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को संसाधन बढ़ाने तथा बड़ी परियोजनाओं में रात की पाली में भी नियमित रूप से कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

सोमवार को सीसीआर में कुंभ मेला के अंतर्गत संचालित अवस्थापना विकास कार्यों से जुड़ी कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कहा कि अब कार्यों की प्रगति की अब चैबीसों घंटे निगरानी की जाएगी। रात की पाली में किए जा रहे कार्यों की निगरानी के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मेला प्रशासन के अधिकारी भी औचक निरीक्षण करेंगे।

मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला के सभी कार्यों की प्रगति तथा कार्यस्थलों पर उपलब्ध मानव संसाधन एवं अन्य संसाधनों की जानकारी 24 घंटे संचालित नियंत्रण कक्ष के माध्यम से ली जाएगी। कार्यदायी संस्थाओं को प्रतिदिन शिफ्टवार कार्य की प्रगति और कार्यस्थल पर तैनात संसाधनों की जानकारी नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध करानी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों की प्रगति की दैनिक समीक्षा कर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने की स्थिति में संबंधित स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी।

मेलाधिकारी ने सभी कार्यस्थलों पर परियोजना से संबंधित आवश्यक जानकारी वाले सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के बारे में पूर्व में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड ऐसे स्थान पर लगाए जाएं, जहां आमजन को सम्बंधित योजना की जानकारी आसानी से मिल सके। बोर्ड पर परियोजना का नाम, कार्य की लागत, कार्यदायी संस्था, संबंधित अधिकारियों के नाम एवं दूरभाष नंबर तथा अनुबंध के अनुसार कार्य पूर्ण होने की निर्धारित तिथि का स्पष्ट उल्लेख किया जाए। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों को भी परियोजनाओं की जानकारी उपलब्ध रहेगी। निर्देशों का पालन न करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को भी अपने-अपने क्षेत्र में संचालित कार्यों की जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी स्तर पर भ्रम या संवादहीनता की स्थिति उत्पन्न न हो।

मेलाधिकारी ने थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच के लिए नामित एजेंसियों को भी नियमित रूप से कार्यों की गुणवत्ता की जांच करने के साथ-साथ निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्य की प्रगति की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता जांच केवल कार्य पूर्ण होने के बाद की प्रक्रिया न होकर कार्य के प्रत्येक महत्वपूर्ण चरण में प्रभावी रूप से की जाए।

बैठक में कुंभ मेला के विभिन्न अवस्थापना विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। मेलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि अब प्रत्येक परियोजना की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा होगी। जिन परियोजनाओं में कार्य की गति बढ़ाने की आवश्यकता है, वहां अतिरिक्त मानव संसाधन एवं मशीनरी की व्यवस्था की जाए। बड़ी परियोजनाओं में आवश्यकता के अनुसार दिन एवं रात दोनों पालियों में कार्य कराते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा किया जाए।

मेलाधिकारी ने यूआईआईडीबी द्वारा संचालित रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास, हर की पैड़ी पुनर्विकास एवं एडमिन रोड से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को इन कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला से जुड़े इन महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की भी 24 घंटे निगरानी की जाएगी। इसके लिए संबंधित एजेंसियां कार्यस्थलों पर पर्याप्त मानव संसाधन एवं मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए दिन-रात की पालियों में कार्य करें।

मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला की तैयारियों के लिए उपलब्ध समय का प्रभावी उपयोग किया जाना आवश्यक है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी एवं मनजीत सिंह, यूपीडीसीसी के महाप्रबंधक मनोज कुमार, अधीक्षण अभियंता टेक्निकल सेल मनोज भट्ट, अधीक्षण अभियंता लोनिवि डीपी सिंह सहित सभी कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंता एवं अन्य अभियंता उपस्थित रहे।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button