मुख्यमंत्री आवास में श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी के नेतृत्व में संतों ने की शिष्टाचार भेंट
पवित्र छड़ी यात्रा के लिए संतों ने मुख्यमंत्री धामी को दिया निमंत्रण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज के नेतृत्व में साधु-संतों के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संतों ने मुख्यमंत्री को बागेश्वर से प्रारंभ होने वाली पवित्र छड़ी यात्रा के लिए आमंत्रित किया। साथ ही यात्रा के धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को लेकर भी चर्चा हुई।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि पवित्र छड़ी यात्रा सनातन परंपरा और उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह यात्रा प्रदेश के पौराणिक तीर्थस्थलों और सिद्धपीठों को आपस में जोड़ने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि संत समाज की सहभागिता से यात्रा का धार्मिक महत्व और बढ़ता है तथा इससे उत्तराखंड में आध्यात्मिक एवं धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है।
अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने कहा कि पवित्र छड़ी यात्रा सदियों पुरानी संत परंपरा और सनातन संस्कृति की वाहक है। यात्रा के माध्यम से देश-प्रदेश के श्रद्धालुओं को उत्तराखंड के विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिलता है।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण देते हुए आयोजन में सहयोग की अपेक्षा भी जताई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संत समाज का स्वागत करते हुए पवित्र छड़ी यात्रा के सफल एवं भव्य आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।



