

हरिद्वार, 25 अगस्त। उत्तराखंड भाजपा में प्रदेश प्रवक्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज जखमोला के हरिद्वार पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत और अभिनंदन किया। फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि उनके अनुभव व सक्रियता से संगठन को और मजबूती मिलेगी।
स्वागत कार्यक्रम में भाजपा नेता डॉ. विशाल गर्ग, अनिरुद्ध भाटी, पार्षद आकाश भाटी, भाजयुमो नेता भोला शर्मा समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने मनोज जखमोला का जोरदार स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
भाजपा नेताओं ने कहा कि मनोज जखमोला लंबे समय से संगठन के लिए सक्रिय रूप से कार्य करते रहे हैं। संगठनात्मक गतिविधियों का उनका अनुभव प्रदेश प्रवक्ता की नई जिम्मेदारी में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रवक्ता के रूप में वह भाजपा की नीतियों के साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
मनोज जखमोला पूर्व में भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। युवा संगठन में रहते हुए उन्होंने प्रदेशभर में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने में सक्रिय भूमिका निभाई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि युवाओं और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाने का उनका अनुभव पार्टी के लिए उपयोगी साबित होगा।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि संगठन के प्रति समर्पण, सक्रियता और अनुभव को देखते हुए मनोज जखमोला को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर भाजपा संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।



