उत्तराखंडदेहरादून

मुख्यमंत्री धामी को संतों ने माता की चुनरी ओढ़ाकर दिया आशीर्वाद, आगामी कुंभ को लेकर हुई चर्चा

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने शासकीय आवास पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज, राष्ट्रीय महामंत्री श्री महंत हरिगिरी तथा निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर संतों ने मुख्यमंत्री को माता की पावन चुनरी ओढ़ाकर आशीर्वाद दिया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधा भी भेंट किया।

बैठक के दौरान आध्यात्मिक, धार्मिक और सनातन परंपराओं से जुड़े विभिन्न विषयों के साथ आगामी कुंभ मेले की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड का आगामी कुंभ मेला दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित होगा। उन्होंने कहा कि संत समाज को विश्वास है कि सरकार श्रद्धालुओं और अखाड़ों की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करेगी।

राष्ट्रीय महामंत्री श्री महंत हरिगिरी ने कहा कि कुंभ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का वैश्विक उत्सव है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संत समाज के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर रही है, जिससे कुंभ की तैयारियां बेहतर दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

निरंजन पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि कुंभ मेले के सफल आयोजन के लिए संत समाज और सरकार का समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आध्यात्मिक वातावरण मिलेगा तथा उत्तराखंड एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट व्यवस्थाओं से पूरे देश और दुनिया में नई पहचान बनाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए कहा कि सरकार संत समाज के मार्गदर्शन में आगामी कुंभ मेले को ऐतिहासिक, दिव्य और भव्य बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सभी मूलभूत व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button