Haridwar news हरकी पौड़ी से शुरू हुई श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े की पवित्र छड़ी यात्रा, मां गंगा की पूजा-अर्चना के साथ हुआ शुभारंभ
श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में पवित्र छड़ी पूजन और जलाभिषेक कर यात्रा की सफलता की कामना की

हरिद्वार, 29 सितंबर 2025
हरिद्वार की पवित्र धरा से आज श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े की पवित्र छड़ी यात्रा का शुभारंभ विधिवत रूप से मां गंगा की पूजा-अर्चना और दुग्धाभिषेक के साथ हुआ। यह यात्रा उत्तराखंड के समस्त पौराणिक तीर्थों का भ्रमण करेगी और क्षेत्रीय विकास व जनजागरूकता का संदेश लेकर निकलेगी।
छड़ी यात्रा की शुरुआत हर की पौड़ी से की गई, जहां श्री गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम और उनकी टीम ने पवित्र छड़ी का स्वागत करते हुए षोडशोपचार विधि से मां गंगा की पूजा की। इसके बाद दुग्धाभिषेक कर यात्रा के निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की गई।इससे पूर्व, कल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने माया देवी मंदिर में विधिवत रूप से छड़ी पूजन कर इस यात्रा का औपचारिक उद्घाटन किया था।
पवित्र छड़ी यात्रा में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज, जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री हरि गिरि महाराज, अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत मोहन भारती, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमहंत केदारपुरी, अंतरराष्ट्रीय सचिव श्रीमहंत ओम भारती, महामंत्री श्रीमहंत महेश पुरी, श्रीमहंत शैलेंद्र गिरी, श्रीमहंत महाकाल गिरी समेत अनेक संत-महंत और नागा सन्यासी शामिल हुए।
हर-हर महादेव के जयघोष और श्रद्धालुओं की पुष्पवर्षा के बीच, छड़ी यात्रा ने माया देवी मंदिर से हर की पौड़ी तक नगर भ्रमण किया। नगरवासियों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह श्रद्धा भाव से स्वागत किया।इस अवसर पर हरि गिरि महाराज ने यात्रा के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह छड़ी यात्रा उत्तराखंड की सुख-समृद्धि, सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और जन-जागरूकता को समर्पित है। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में उच्च शिक्षण संस्थानों, सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल्स की स्थापना आवश्यक है। इन सुविधाओं के विकास से क्षेत्र में रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और पलायन पर रोक लगेगी। साथ ही, सीमांत क्षेत्रों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।छड़ी यात्रा के माध्यम से शासन-प्रशासन का ध्यान इन आवश्यकताओं की ओर आकर्षित करना तथा जनमानस को जागरूक करना भी प्रमुख उद्देश्य है।
गंगा पूजन के पश्चात यात्रा अपर रोड, मोती बाजार, बड़ा बाजार होते हुए श्रवण नाथ मठ पहुंची। वहां स्थित पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने छड़ी पूजन और जलाभिषेक कर यात्रा की सफलता की कामना की।
अब यह पवित्र छड़ी यात्रा नगर के विभिन्न मठ, मंदिरों और पौराणिक तीर्थ स्थलों का भ्रमण करते हुए आगामी 3 अक्टूबर को उत्तराखंड यात्रा के लिए रवाना होगी।