पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने महामंडलेश्वर सोमेश्वरानंद से ली जानकारी

जान से मारने की धमकी के बाद आश्रम पहुंच जानकारी ली

हरिद्वार। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के महामंडलेश्वर सोमेश्वरानंद गिरी के जान पर खतरा जताने की जानकारी मिलने पर अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी बैरागी कैंप स्थित शंकराचार्य आश्रम में पहुंचे। श्रीमहंत ने उनसे पूरी जानकारी ली। हालांकि महामंडलेश्वर ने स्पष्ट रूप से धमकी देने वालों की जानकारी तो नहीं बताई। केवल उन्होंने अज्ञात शत्रु से जान का खतरा बताया।
रविवार की शाम को महामंडलेश्वर सोमेश्वरानंद राजस्थान से आ रहे थे। उनका कहना था कि भगवानपुर में पहुंचने पर कुछ अज्ञात लोगों ने गाली गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। एक समाचार पत्र में यह खबर प्रकाशित होने के बाद पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी बैरागी कैंप के शंकराचार्य आश्रम में उनसे जानकारी लेने पहुंचे। श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने उनसे पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। जिस पर सोमेश्वरानंद गिरी ने श्रीमहंत को बताया कि उन्हें अज्ञात लोगों ने जान से मारने की धमकी दी है। महामंडलेश्वर ने इसके अलावा उन्हें कोई जानकारी नहीं दी। वहीं कुंभ मेला बैरागी कैंप सेक्टर की प्रभारी भावना कैंथोला और नारायण सिंह भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटनाक्रम की जानकारी महामंडलेश्वर सोमेश्वरानंद गिरी से ली गई है। उनकी ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस मौके पर महामंडलेश्वर अनंतानंद गिरी, महंत संगम गिरी आदि उपस्थित थे।