
हरिद्वार। कोतवाली नगर क्षेत्र में रात्रि ड्यूटी के दौरान हरिद्वार पुलिस की सतर्कता, मानवता और त्वरित कार्रवाई का सराहनीय उदाहरण सामने आया। भीमगोडा बैरियर पर तैनात कांस्टेबल बसंत पांडे ने एक श्रद्धालु महिला के साथ मिलकर अचेत पड़े बुजुर्ग व्यक्ति को समय रहते CPR देकर नई जिंदगी दी।

जानकारी के अनुसार रात्रि ड्यूटी के दौरान एक श्रद्धालु महिला ने कांस्टेबल बसंत पांडे (चौकी हर की पौड़ी) को सूचना दी कि सड़क किनारे एक बुजुर्ग व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही कांस्टेबल बसंत पांडे तुरंत मौके पर पहुंचे और महिला की मदद से बिना समय गंवाए प्राथमिक उपचार के रूप में CPR देना शुरू किया।
कांस्टेबल की सूझबूझ और तत्परता का असर कुछ ही क्षणों में दिखा और बुजुर्ग की सांसें दोबारा चलने लगीं। इसके बाद पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने बताया कि समय पर दिया गया CPR और पुलिस की फुर्तीली कार्रवाई ही उनकी जान बचाने में निर्णायक साबित हुई।
इस मानवीय कार्य की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है। यह घटना हरिद्वार पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और आपात स्थिति में तुरंत निर्णय लेने की क्षमता को दर्शाती है। रात्रि ड्यूटी में पुलिस की यह तत्परता आमजन के बीच सुरक्षा और विश्वास की भावना को और मजबूत करती है।



