
हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार स्थित तुलसी मानस मंदिर में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर से सांसद अजय भट्ट ने पहुंचकर ब्रह्मलीन स्वामी अर्जुन पुरी महाराज की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर में दर्शन कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में ब्रह्मलीन स्वामी अर्जुन पुरी महाराज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने जीवन को धर्म, राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया। ऐसे संतों का जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत होता है। उन्होंने कहा कि स्वामी अर्जुन पुरी महाराज की स्मृतियां सदैव जीवित रहेंगी और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज और राष्ट्र का कल्याण संभव है।
अजय भट्ट ने कहा कि संत-महात्माओं ने सदैव भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को सशक्त करने का कार्य किया है। स्वामी अर्जुन पुरी महाराज भी उन्हीं महान संतों में से एक थे, जिन्होंने समाज को एकता, धर्म और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक रहेगा।
इस दौरान तुलसी मानस मंदिर के परमाध्यक्ष स्वामी कामेश्वर पुरी महाराज ने सांसद अजय भट्ट का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि स्वामी अर्जुन पुरी महाराज का जीवन धर्म और समाज सेवा को समर्पित रहा है। उनके आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव भट्ट, पूर्व पार्षद अनिल मिश्रा, बागेश्वर पांडेय,बबलू सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने ब्रह्मलीन स्वामी अर्जुन पुरी महाराज की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।



