राजीव कुमार
हरिद्वार, हरिद्वार धर्मशाला प्रबंधक सेवा समिति की ओर से होली मिलन समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। कार्यक्रम के आयोजन को लेकर गुरुवार को उत्तरी हरिद्वार स्थित स्वतंत्र पुरी आश्रम में बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह को भव्य बनाने के लिए चर्चा की गई।

बैठक में संस्था के संरक्षक श्रीमहंत केदार पुरी महाराज समेत सभी पदाधिकारियों ने अपने सुझाव दिए। बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कोषाध्यक्ष सोनू शर्मा ने बताया आगामी 28 फरवरी को आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में जूना अखाड़ा के महामंत्री महेश पुरी, हरिद्वार की मेयर किरन जैसल, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, नगर विधायक मदन कौशिक सहित क्षेत्रीय पार्षदगण भी मौजूद रहेंगे। समिति अध्यक्ष महंत भीम सेन ने बताया कि इस वर्ष समारोह में पारंपरिक फूलों की होली मुख्य आकर्षण रहेगी। इसके साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्थानीय कलाकार भाग लेंगे। महामंत्री मनोज बिष्ट ने कहा कि कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि समारोह में समाज के प्रतिष्ठित संत महंतों और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है, ताकि भव्य आयोजन बने।



