
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के आदेशानुसार जनपद में बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, कबाड़ियों एवं घरेलू नौकरों के सत्यापन को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत 24 फरवरी 2026 की प्रातः थाना कनखल पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। कृष्णा नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों का गठन कर घर-घर सत्यापन की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 60 व्यक्तियों का मौके पर सत्यापन किया गया। वहीं बिना सत्यापन के किरायेदार, घरेलू नौकर एवं बाहरी व्यक्तियों को रखने वाले 10 मकान मालिकों के विरुद्ध पुलिस एक्ट की धारा 83 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए 10-10 हजार रुपये के कोर्ट चालान किए गए। कुल एक लाख रुपये की धनराशि से संबंधित रिपोर्ट माननीय न्यायालय को प्रेषित की जा रही है।
इसके अतिरिक्त 81 पुलिस अधिनियम के तहत 15 व्यक्तियों के 250-250 रुपये के चालान कर कुल 3,750 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस ने मकान मालिकों को अपने किरायेदारों एवं घरेलू सहायकों का शीघ्र सत्यापन कराने के निर्देश दिए। साथ ही फड़-ठेली संचालकों और बाहरी व्यक्तियों को भी समय रहते सत्यापन कराने के लिए जागरूक किया गया। अभियान में थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय रही।



