
हरिद्वार, हरिद्वार स्थित जीएसटी कार्यालय में तैनात डाटा क्लर्क प्रमोद सेमवाल (उपनल कर्मी) को सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2017 के वैट टैक्स निपटान के मामले में आरोपी कर्मचारी द्वारा 1 लाख 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस टीम ने मामले की जांच की और आरोपों की पुष्टि होने पर जाल बिछाया।
योजना के तहत सहायक आयुक्त राज्य कर, खंड-3 कार्यालय के पास जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे तत्काल पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
सतर्कता अधिष्ठान ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



