उत्तराखंडहरिद्वार

हरिद्वार में मूर्ति स्थापना समारोह का समापन, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ समेत कई वीआईपी हस्तियां शामिल हुए 

हरिद्वार में आयोजित हुए तीन दिवसीय समाधि मंदिर मूर्ति स्थापना समारोह में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी शिरकत की। शुक्रवार को समारोह के तीसरे दिन केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर समेत तमाम राजनीतिक हस्तियां और बड़ी संख्या में साधु संत इस समारोह में शामिल हुए। सभी नेताओं ने दिवंगत संत स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी के समाधि स्थल पर स्थापित हुई मूर्ति का अनावरण किया। मंच से संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साधु संतों को संस्कृति का संरक्षक बताया और कहा कि राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा के साथ सांस्कृतिक रक्षा भी जरूरी है। जिन देशों ने अपनी संस्कृति का संरक्षण नहीं किया उनका विघटन होकर रहा है। अब हमें राष्ट्रवाद से ऊपर उठकर सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की तरह सोचना होगा। दुनिया तेजी से बदल रही है, लेकिन भारतीय संत परंपरा हमे स्थिरता का आभास करती है। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि भारत सिर्फ एक भूभाग नहीं है और ना ही भारत किसी सत्ता की देन है बल्कि भारत ऋषि परंपरा की शाश्वत चेतना है। उन्होंने कहा कि जो राष्ट्र अपनी संस्कृति की उपेक्षा करता है वो ना वर्तमान और ना ही भविष्य को सुरक्षित रख पाता है।

स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी ने आध्यात्मिक साधना को समाज सेवा से जोड़कर एक विशिष्ट जीवन दर्शन प्रस्तुत किया – पुष्कर सिंह धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दिवंगत संत स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी के देश और समाज की सेवा के लिए किए गए कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवभूमि उत्तराखंड में सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि गुरुदेव स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज ने आध्यात्मिक साधना को समाज सेवा से जोड़कर एक विशिष्ट जीवन दर्शन प्रस्तुत किया। भारत माता मंदिर की स्थापना के माध्यम से उन्होंने राष्ट्र प्रेम और सांस्कृतिक गौरव को मूर्त रूप दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सनातन संस्कृति और विरासत को वैश्विक पहचान मिल रही है तथा उत्तराखंड विकास और विरासत के संतुलन के साथ आगे बढ़ रहा है।

चारधाम भारत की आध्यात्मिक चेतना के मूल स्तंभ – योगी आदित्यनाथ

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या, मथुरा, काशी, प्रयागराज, हरिद्वार, बद्री विशाल और केदारनाथ धाम मात्र आस्था के केंद्र नहीं हैं, बल्कि राष्ट्रचतेना के भी केंद्रबिंदु हैं। भारत राष्ट्र ताहि से शक्ति प्राप्त करता है। उत्तर प्रदेश जैसा राज्य एक बीमारू राज्य हुआ करता था लेकिन आज वही राज्य देश की अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश में आज अराजकता नहीं है। उत्तर प्रदेश में आज न कर्फ्यू न दंगा है, यहां सब चंगा है। उत्तर प्रदेश में आज कोई दंगे फसाद नहीं होते। दंगा और दंगाइयों में कर्फ्यू लग गया है, दोनों गायब हो गए हैं। उत्तर प्रदेश भारत की आत्मा का केंद्र बिंदु है। उत्तर प्रदेश का माघ मेला केवल कल्पवासियों का मेला होता था, लेकिन इस बार माघ मेले में करीब 21 करोड़ श्रद्धालु त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। भारत की आध्यात्मिक और ऋषि परम्परा उस केंद्र बिंदु को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड को देवभूमि बताते हुए कहा कि उत्तराखंड के चार धाम वास्तव में भारत की आध्यात्मिक चेतना के मूल स्तंभ हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में यह प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अपने बचपन को याद करते हुए कहा कि जब लोग हरिद्वार आते थे, तो मन में यह भाव होता था कि गंगा स्नान के साथ साथ भारत माता के दर्शन भी अवश्य किए जाएँ। भारत माता मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वहाँ न जाति का भेद है, न क्षेत्र का, न मत और मजहब का। यह मंदिर पूरे भारत को एक छत के नीचे समाहित करता है। उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक राष्ट्रीय एकता का सशक्त प्रतीक है। इसी उत्तराखंड की पावन भूमि पर वर्ष 1982 में जब हरिद्वार में भारत माता मंदिर के भव्य लोकार्पण का ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित आयोजित हुआ था। तब प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक बालासाहेब देवरस जी एक साथ उपस्थित थे। वैचारिक भिन्नताओं के बावजूद राष्ट्र और संस्कृति के प्रति समर्पण ने उस मंच को ऐतिहासिक बना दिया। यह दृश्य इस बात का प्रमाण था कि राष्ट्र सर्वोपरि है और जब बात भारत माता की हो, तो मतभेद भी समन्वय में बदल जाते हैं।

स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी के संकल्प पर लिखी पुस्तक का विमोचन

ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज की मूर्ति स्थापना समारोह के अवसर पर सप्तऋषि मैदान में आयोजित कार्यक्रम में पुस्तक का विमोचन भी किया गया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, सीएम योगी आदित्यनाथ और सीएम पुष्कर सिंह धामी समेत सभी अतिथियों ने मच से पुस्तक का विमोचन किया। इस पुस्तक में स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज का संकल्प समाहित है और उनके प्रवचनों को संकलित किया गया है। चंद्रा चतुर्वेदी और कृष्णकांत चतुर्वेदी ने इस पुस्तक को लिखा है जबकि आईडी शास्त्री ने संपादन किया।

डा अनुज सिंघल और डॉ तारा सिंघल को सम्मानित किया

कार्यक्रम में भारत माता मंदिर समन्वय सेवा ट्रस्ट की ओर से समाज सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने पर स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसायटी के डा अनुज सिंघल और डॉ तारा सिंघल को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज का सम्पूर्ण जीवन सनातन धर्म, राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक समरसता एवं विश्व मानव कल्याण लिए समर्पित रहा। दोनों समाजसेवियों ने उनके मिशन को उत्तराखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में पहुंचाया। मंच पर अतिथियों ने उनके कार्यों की सराहना की।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी का जीवन समाज को जोड़ने की प्रेरणा देता है। उनका पूर्ण जीवन एक जीवंत प्रवचन था। पूरा भारत एक देवभूमि है और उन्होंने भारत माता मंदिर की स्थापना करके समाज में समन्वय और राष्ट्रचेतन का संदेश दिया है।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज राष्ट्र, धर्म और संस्कृति के वाहक थे। उन्होंने देश में समन्वय का संदेश दिया। वो खुद को गौरांवित महसूस कर रहे हैं कि आज उनके समाधि मंदिर में उनकी मूर्ति स्थापना समारोह में शामिल हुए हैं।

कार्यक्रम में श्री राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी वेद मूर्ति गिरी महाराज, निर्वाणी पीठाधीश्वर स्वामी विशोकानंद भारती महाराज, गोविंद देव गिरी महाराज, काशी पीठाधीश्वर गुरु शरणानंद महाराज, आरएसएस के दिनेश जी, महामंडलेश्वर ललितानन्द गिरी महाराज, महामंडलेश्वर ललितानन्द गिरी महाराज, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, दर्जाधारी विनय रोहेला, दर्जाधारी सुनील सैनी, आईडी शास्त्री, अखिलेश्वरानंद महाराज, विद्यायक सुरेश गाड़िया, अनिल पटेल, कल्पना पटेल, श्री गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम, विदुषी निशंक, चेयरमैन राजीव शर्मा, डॉ विशाल गर्ग, भूपेंद्र कौशिक समेत कई लोग उपस्थित रहे।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button