अखाड़ा परिषदशिक्षाहरिद्वार
उल्लास और पवित्रता का पर्व है दीपावली: श्री महंत रविंद्र पुरी


- अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने दी शुभकामनाएं
- मिट्टी के दीए जलाएं, दूसरों के जीवन में खुशियां फैलाएं
हरिद्वार।संदीप शर्मा
हरिद्वार: अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि दीपावली उल्लास और पवित्रता का पर्व है। एसएमजेएन पीजी कॉलेज में दीपावली मिलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि त्योहार हमें एकता के सूत्र में पिरोते हैं। उन्होंने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए अपने संदेश में कहा कि मिलजुल कर त्यौहार मनाए और राष्ट्र रक्षा में अपना सहयोग दें। साथ ही उन्होंने मिट्टी के दीए जलाने और कोरोना महामारी का ध्यान रखते हुए त्यौहार मनाने की अपील भी की।
श्रीमंत रविंद्र पुरी ने बताया कि दीपावली के त्यौहार से सनातन धर्म के कई प्रसंग जुड़े हैं। इस दिन भगवान श्रीराम, माता सीता और भ्राता लक्ष्मण चौदह वर्ष का वनवास पूरा करके अपने घर अयोध्या लौटे थे। इतने सालों बाद घर लौटने की खुशी में सभी अयोध्या वासियों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया था। वहीं, इस दिन भगवान श्री कृष्ण ने अत्याचारी राजा नरकासुर का वध किया था। इस नृशंस राक्षस के वध से जनता में अपार हर्ष फैल गया और प्रसन्नता से भरे लोगों ने घी के दीए जलाए। एक पौराणिक कथा के अनुसार विंष्णु ने नरसिंह रुप धारणकर हिरण्यकश्यप का वध किया था। इसी दिन समुद्रमंथन के पश्चात लक्ष्मी व धन्वंतरि प्रकट हुए। इस प्रकार से देखा जाए तो यह अन्याय पर न्याय की जीत का पर्व है। उन्होंने बताया कि दीपावली की रात्रि में लक्ष्मी माता के साथ-साथ गणेश भगवान की भी पूजा-अर्चना की जाती है। कार्यक्रम में एसएमजेएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ सुनील कुमार बत्रा ने भी सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी।

एक दीया शहीदों के लिए जरूर जलाएं
हरिद्वार: रामानंद इंस्टीटयूट आफ फार्मेसी एंड टेक्नोलॉजी में दीपावली मिलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि दीपावली पर एक दीया शहीदों के नाम जरूर जलाएं। क्योंकि देश के जवान हम सबकी रक्षा के लिए सीमाओं पर तैनात रहते हैं। कितने ही जवान अपने प्राण न्यौछावर कर देते हैं। ऐसे में हमारा नैतिक कर्तव्य बनता है कि त्योहार पर शहीदों को याद रखें। इंस्टीटयूट के निदेशक वैभव शर्मा ने भी सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी। इस दौरान डा. मयंक गुप्ता, मनुज उनियाल, सूरज राजपूत, आरए शर्मा, कुसुम लता, शिल्पा गिरि, प्रियंका वशिष्ठ, नवीन धीमान, अश्वनी जगता, हिमांशु, दिव्या, नैना, संगीता, अमित सैनी, संदीप बर्मन आदि मौजूद रहे।