महिला किरायेदार और दुकान मालिक के बीच विवाद,शांति भंग में चालान

हरकी पैड़ी सुभाष घाट पर दुकान में ताला लगाने को लेकर महिला किरायेदार और दुकान मालिक के बीच विवाद हो गया। पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान किया है।पुलिस के मुताबिक सुभाष घाट हरकी पैड़ी निवासी बबीता शर्मा पत्नी अशोक कुमार का खड़खड़ी निवासी प्रभा शर्मा पत्नी विजय कुमार शर्मा से विवाद चल रहा है। दरअसल प्रभा शर्मा ने बबीता शर्मा की दुकान किराये पर ली हुई है। गुरुवार की देर रात बबीता ने दुकान पर ताला लगा दिया। प्रभा शर्मा ने इसका विरोध किया। दोनों के बीच विवाद हो गया और मारपीट की। गाली गलौच शुरू कर दी। हंगामा होने पर पुलिस दोनों को हरकी पैड़ी चौकी ले आई। जहां दोनों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है। हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी अरविंद रतूड़ी ने बताया कि दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। पहले भी दोनों के खिलाफ 107 16 की कार्रवाई की गई थी।