दो बेटियों संग महिला टंकी पर चढ़ी, हड़कंप


हरिद्वार। ज्वालापुर में एक महिला अपनी दो मासूम बेटियों को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ने से हड़कंप मच गया। महिला का आरोप है कि एक पटवारी ने उनकी भूमि पर कब्जा करवा दिया। लगातार शिकायतों के बाद भी इंसाफ नहीं मिल पा रहा है। पुलिस और तहसील प्रशासन के लोगों ने जांच का आश्वासन देकर किसी तरह महिला को नीचे उतारा।
ज्वालापुर पांडेयवाला निवासी महिला कामिनी चौहान ने प्रेस क्लब में दो बार पत्रकारों से वार्ता कर तहसील के पटवारी पर सीतापुर स्थित उनकी भूमि पर कब्जा करवाने का आरोप लगाया था। प्रधानमंत्री को भी पत्र लिखा गया। लेकिन कहीं से भी न्याय नहीं मिल पाया। बीते दिनों महिला ने पत्रकार वार्ता करते हुए आत्मदाह की भी चेतावनी दी थी। जिसके बाद बुधवार को कामिनी चौहान पत्नी विक्रांत अपनी मासूम बेटी आराध्या और भूमि के साथ पांडेयवाला स्थित पानी के ओवरहैड टैंक पर चढ़ गई। आसपास के लोगों ने ये देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। तहसील से नायब तहसीलदार ललित मोहन पोखरियाल और पटवारी आशीष ममगई भी पहुंचे। सभी ने सीढ़ियों पर ऊपर जाकर महिला को समझाने का प्रयास किया। लेकिन महिला मानने को तैयार नहीं थी। ऊपर कूदने की चेतावनी देती रही। करीब दो घंटे तक पुलिस और प्रशासन के लोग उन्हें समझाते रहे। मामले की जांच और पटवारी पर कार्रवाई के आश्वासन पर महिला नीचे उतर पाई। नीचे उतरते ही महिला बेहोश हो गई। कुछ देर बाद जाकर महिला को होश आया। इसके बाद महिला के पति की नायब तहसीलदार से बहस भी हुई। कई घंटे तक हंगामा भी हुआ।