देश-दुनिया में कश्यप समाज का नाम रोशन कर रहे अतुल : बुध सिंह कश्यप

धागे पर वंदे मातरम गीत लिखकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाले अतुल कश्यप पहुंचे हरिद्वार
कश्यप समाज ने अतुल कश्यप का पगड़ी और फूल मालाएं पहनाकर किया स्वागत
हरिद्वार। अखिल भारतीय कश्यप समाज आश्रम समिति ने धागे पर वंदेमातरम गीत लिखकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाले अतुल कश्यप को सम्मानित किया। उनकी उपलब्धियों पर खुशी जताई।
दिल्ली देहरादून हाईवे स्थित कश्यप आश्रम में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सम्मान समारोह में फरुखाबाद से पहुंचे वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन में नाम दर्ज कराने वाले अतुल कश्यप का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद कश्यप समाज के लोगों ने उनके सिर पर पगड़ी पहनाकर और गले में मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कश्यप समाज आश्रम समिति के अध्यक्ष बुध सिंह कश्यप ने कहा कि अतुल कश्यप देश दुनिया में कश्यप समाज का नाम रोशन कर रहे हैं। पूरे कश्यप समाज को उनकी बुलंदियों पर नाज है। उन्होंने बताया कि अतुल कश्यप ने सरसों के एक दाने पर आई लव माई इंडिया, नाखुन के बराबर 150 पेज की हनुमान चालिसा लिखकर एक कीर्तिमान स्थापित किया है। देवराज कश्यप ने कहा कि पिछले दिनों अतुल कश्यप ने 23 सेंटीमीटर धागे पर 20 मिनट में भारत का राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम लिखकर रिकॉर्ड बनाया। उनका नाम वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन में दर्ज किया गया है। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले सहित कई मंत्री उन्हें सम्मानित कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि अतुल दिल्ली सिविल डिफेंस में इंचार्ज हैं। इन दिनों कोरोना वैक्सीन के इंचार्ज हैं। राजवीर कश्यप ने कहा कि अतुल लगातार कश्यप समाज का नाम बुलंदियों पर पहुंचा रहे हैं। तीन बार उनका नाम इंडिया बुक में दर्ज हो चुका है। शिवकुमार कश्यप एवं चरण सिंह कश्यप ने कहा कि कश्यप समाज के अतुल जैसे युवा हमारा गौरव हैं। सम्मानित करने वालों में शिवकुमार कश्यप, बिशनपाल कश्यप, जोगेंद्र कश्यप, सोमपाल कश्यप, नरेंद्र प्रधान, आनंद प्रधान, आत्माराम कश्यप, मान सिंह कश्यप, राम किशोर कश्यप, ऋषिपाल कश्यप आदि उपस्थित रहे।