

हरिद्वार। श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर सुभाष घाट व्यापार मंडल के व्यापारियों ने बुधवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ पर्व मनाया। सुभाष घाट स्थित प्राचीन श्री हनुमान मंदिर में व्यापारियों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना, श्रीराम नाम का जाप और हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और जय श्री राम व बजरंगबली के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर को रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक सजावट से विशेष रूप से सजाया गया। मंदिर की साज-सज्जा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। सुबह से ही व्यापारी, स्थानीय श्रद्धालु और आसपास के लोग मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना में शामिल हुए। भक्तों ने हनुमान जी के चरणों में फूल, प्रसाद और नारियल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजू वधावन ने कहा कि श्री हनुमान जन्मोत्सव हमें सेवा, समर्पण और शक्ति का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान की भक्ति से जीवन में साहस, ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार होता है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता और भाईचारा भी मजबूत होता है।
व्यापार मंडल के महामंत्री सुमित शर्मा ने कहा कि सुभाष घाट व्यापार मंडल हर वर्ष धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करता है। हनुमान जन्मोत्सव का यह आयोजन व्यापारियों के सामूहिक सहयोग और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारियों ने मिलकर मंदिर की सजावट, पूजा और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की।
पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने श्रीराम नाम का जाप करते हुए हनुमान चालीसा का पाठ किया। आयोजन में पूरे दिन भक्तों का तांता लगा रहा और सुभाष घाट क्षेत्र भक्तिरस में डूबा नजर।
अध्यक्ष राजू वधावन,महामंत्री सुमित शर्मा,धीरज अरोड़ा,पंकज अरोड़ा,सुनील पुरी,राजू पुरी,राजू मल्होत्रा,वेद प्रकाश बत्रा,राम गोपाल बंसल,गौरव बंसल,अरुण कुमार,देव राज,अखिलेश,विकास,मिट्ठू, कैलाश आदि व्यापारी मौजूद रहे



