
10 से 13 मार्च तक मनाया जाएगा सतगुरु संत राजाराम साहिब जी का 66वां वर्सी महोत्सव
रायपुर/हरिद्वार
शदाणी दरबार तीर्थ, संत शदाणी नगर रायपुर में शिव अवतारी सतगुरु संत शदाराम साहिब हजूरी जी के सातवें अवतार पूज्य सतगुरु संत स्वामी राजाराम साहिब जी का 66वां वर्सी महोत्सव 10 से 13 मार्च 2026 तक श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। यह भव्य धार्मिक आयोजन सतगुरु संत गोबिंदराम साहिब जी की कृपा से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
चार दिवसीय इस पावन महोत्सव के दौरान दरबार परिसर में अखण्ड भंडारा, भजन-कीर्तन, सत्संग, संतों के प्रवचन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। देश के विभिन्न भागों से संत-महात्मा, विद्वान और श्रद्धालु इस अवसर पर शदाणी दरबार पहुंचकर सत्संग का लाभ उठाएंगे तथा आध्यात्मिक संदेश प्राप्त करेंगे।

महोत्सव के पहले दिन 10 मार्च (मंगलवार) को सुबह 11 बजे हवन-यज्ञ के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके बाद दोपहर में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं रात 8 बजे से धर्मग्रंथों का अखण्ड पाठ तथा भजन-कीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
11 मार्च (बुधवार) को सुबह संतों के प्रवचन और सत्संग का आयोजन किया जाएगा। शाम 5 बजे से 8 बजे तक मातृ शक्ति द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए दरबार परिसर पहुंचेगी। इसके बाद रात में भजन-कीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति भाव से शामिल होंगे।
12 मार्च (गुरुवार) को भी संत-महात्माओं के प्रवचन और सत्संग का क्रम जारी रहेगा। शाम को अखिल भारतीय शदाणी सेवा मंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। वहीं रात में भोग साहिब, महाआरती और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे।
महोत्सव का समापन 13 मार्च (शुक्रवार) को दोपहर 12 बजे पल्लव साहिब के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
आयोजन से जुड़े संत श्री डॉ. युधिष्ठिर लाल जी ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शदाणी दरबार तीर्थ पहुंचकर सत्संग, सेवा और दर्शन का लाभ लें तथा इस पावन आयोजन को सफल बनाएं।
बताया गया है कि इसी महोत्सव का आयोजन 30, 31 मार्च और 1 अप्रैल 2026 को महाराष्ट्र के अमरावती स्थित पूज्य शदाणी दरबार में भी श्रद्धा और भक्ति के साथ किया जाएगा। यह वार्षिक महोत्सव शदाणी दरबार का सबसे बड़ा उत्सव माना जाता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव करते हैं।



