हरिद्वार। शहर के एसएमजेएन पीजी कॉलेज परिसर में आयोजन समिति विवेकानंद बस्ती एवं सकल हिन्दू समाज द्वारा भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, बुद्धिजीवी एवं समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने केवल एक आयोजन के रूप में नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, राष्ट्रवादी विचारधारा और सामाजिक एकता के सशक्त मंच के रूप में अपनी पहचान बनाई।
सम्मेलन का उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना, सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका को स्पष्ट करना रहा। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में आवश्यकता है कि समाज अपने मूल्यों, परंपराओं और आस्थाओं के प्रति सजग रहे तथा भावी पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने के लिए ठोस प्रयास करे।
इस अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदू समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि जब-जब समाज संगठित हुआ है, तब-तब राष्ट्र ने नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करें तथा समाज सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उत्तराखंड प्रांत सेवा प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, पवन कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा, समर्पण और संगठन ही समाज को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरूकता के माध्यम से ही एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की सदस्य कमल जोशी, मुख्य संयोजक मनोज अग्रवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल एवं संयोजक मनोज सिंघल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने सम्मेलन को प्रेरणादायी बताते हुए आयोजकों को बधाई दी।
सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।



