उत्तराखंडहरिद्वार

हरिद्वार क्षेत्रीय धर्मशाला समिति का होली मिलन समारोह, फूलों की होली और राधा-कृष्ण झांकियों ने बांधा समां

उत्तरी हरिद्वार स्थित बसंत लाल सेवासदन परिसर में हरिद्वार क्षेत्रीय धर्मशाला समिति (पंजीकृत) द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला ने उपस्थित जनसमूह को उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया।

समारोह का मुख्य आकर्षण श्री राधा-कृष्ण की मनोहारी झांकियां रहीं, जिन्होंने भक्तिमय वातावरण का सृजन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के समापन पर फूलों की होली खेली गई, जिसमें अतिथियों, पदाधिकारियों और नागरिकों ने एक-दूसरे पर पुष्प वर्षा कर प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।

नगर विधायक मदन कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव को सुदृढ़ करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से परिचित कराते हैं।

मेयर किरण जैसल ने कहा कि धर्मनगरी हरिद्वार की पहचान उसकी आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक परंपराओं से है। उन्होंने समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि नगर निगम सदैव ऐसे सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए सहयोग को तत्पर रहेगा।

समिति अध्यक्ष राम अवतार शर्मा ने सभी अतिथियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि होली मिलन समारोह का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाना है। उन्होंने बताया कि समिति निरंतर धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से क्षेत्र में सेवा कार्य कर रही है।

महामंत्री श्याम सुंदर शर्मा और कोषाध्यक्ष हेम नारायण अग्रवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि आयोजन की सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी सहयोगियों, कार्यकर्ताओं और उपस्थित नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर पार्षद आकाश भाटी, सुनीता शर्मा, सूर्यकांत शर्मा, भाजयुमो नेता विदित शर्मा, संरक्षक महंत भीमसेन, उपाध्यक्ष प्रदीप शर्मा, राकेश मिश्रा, गोकुल डबराल, मुख्य सलाहकार अवधेश कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

lakshyaharidwar

Lakshya Haridwar Pallavi Genral Store, Gali No -3 Birla Farm, haripur klan, Dehradun 9411111512

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button