
हरिद्वार, केंद्र सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों एवं बीएचईएल के 5 प्रतिशत शेयर बेचे जाने के विरोध में बीएचईएल हरिद्वार की केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने फाउंड्री गेट पर विशाल विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत राष्ट्रपति को सिटी मजिस्ट्रेट, हरिद्वार के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया गया।
जनसभा का संचालन बीएमकेपी के उपाध्यक्ष प्रशांत दीप गुप्ता ने किया, जबकि अध्यक्षता एटक के संरक्षक एम.एस. त्यागी ने की। सभा को संबोधित करते हुए इंटक के महामंत्री राजबीर सिंह ने कहा कि देश की प्रमुख केंद्रीय ट्रेड यूनियनें—इंटक, एटक, एचएमएस, सीटू सहित अन्य श्रम संगठनों तथा भेल की स्थानीय यूनियन हेमू—ने एकजुट होकर केंद्र सरकार द्वारा 29 श्रम कानूनों के स्थान पर लागू की गई चार श्रम संहिताओं का विरोध किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 21 नवंबर 2026 को इन संहिताओं को एकतरफा लागू किया गया, जो श्रमिक हितों के विरुद्ध हैं। इसके विरोध में 12 फरवरी 2026 को देशभर के श्रमिकों द्वारा एक दिवसीय हड़ताल और प्रदर्शन किया गया।
वक्ताओं ने हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा बीएचईएल के 5 प्रतिशत शेयर बेचे जाने पर भी कड़ा रोष व्यक्त किया। यूनियनों का कहना है कि सार्वजनिक उपक्रमों के विनिवेश और निजीकरण की नीति से कर्मचारियों की नौकरी और अधिकारों पर संकट मंडरा रहा है।
एचएमएस के प्रेमचंद सिमरा ने कहा कि राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में मोटर वाहन अधिनियम 2023 को तत्काल रद्द करने, न्यूनतम वेतन ₹26,000 प्रतिमाह घोषित करने तथा उत्तराखंड न्यूनतम वेतन बोर्ड, कर्मचारी भविष्य निधि बोर्ड और ईएसआई बोर्ड में इंटक, एटक और सीटू के प्रतिनिधियों को शामिल करने की मांग की गई है। साथ ही बैंक, बीमा, रक्षा, डाक और रेलवे सहित अन्य सार्वजनिक उपक्रमों के निगमिकीकरण/निजीकरण पर रोक लगाने, आयुध निर्माणियों को पूर्णतः सरकारी नियंत्रण में लाने और बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत एफडीआई को निरस्त करने की मांग उठाई गई।
प्रदर्शनकारियों ने किसानों के लिए एमएसपी पर कानून बनाने, संविदा एवं ठेका श्रमिकों को नियमित करने, “समान कार्य के लिए समान वेतन” लागू करने तथा नई पेंशन योजना समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की भी मांग की।
सभा में मुकुल राज, रविंद्र कुमार, अश्वनी चौहान, मोहम्मद इम्तियाज, विपिन केसला, संजय शर्मा, तेजवीर सिंह, संदीप चौहान, अमित सिंह, सुभाष त्यागी, मनीष सिंह, नरेश नेगी, नईम खान, परमाल सिंह, अजीत कुमार, अमृत रंजन, रजनीश कुमार, विरेंद्र सिंह, मोहित शर्मा, अरुण नायक और अर्जुन कुमार सहित सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित रहे।



